Jharkhand Online Lagan 2026: झारखंड में लगान कैसे भरें और जमीन की रसीद कैसे निकालें

अगर आप झारखंड के रहने वाले हैं और वहां आपके पास कृषि, आवासीय या व्यावसायिक जमीन है, तो सरकार उस पर सालाना एक कर लेती है, जिसे लगान या भू-राजस्व कहते हैं। कर लेने की यह परंपरा सदियों पुरानी है। पुराने समय में राजा भी लगान के रूप में कर वसूलते थे।

पहले रसीद कटवाने के लिए अंचल कार्यालय या हल्का कर्मचारी के पास जाना पड़ता था। अब राजस्व, निबंधन एवं भूमि सुधार विभाग ने इसके लिए डिजिटल सेवा शुरू की है। इसकी आधिकारिक वेबसाइट पर लगान और रसीद से जुड़े काम घर बैठे हो सकते हैं।

इस लेख में हम जानेंगे कि झारखंड ऑनलाइन लगान की कौन-कौन सी सेवाएं हैं, जैसे भुगतान, लगान रसीद, पिछली रसीदें देखना और भुगतान की स्थिति जांचना। यह भी देखेंगे कि लगान की रकम में रोड सेस, शिक्षा सेस, स्वास्थ्य सेस और कृषि सेस क्या हैं और कुल रकम कैसे बनती है।

झारखंड ऑनलाइन लगान कहां भरें

 

ऑनलाइन लगान जमा करने के लिए आप झारभूमि के माध्यम से भी जा सकते हैं, या सीधे jharbhulagan.jharkhand.gov.in खोल सकते हैं। यही आधिकारिक पोर्टल है।

एक और जरूरी बात। बहुत सी प्राइवेट वेबसाइटें बताती हैं कि लगान कैसे भरना है, लेकिन वे सरकारी नहीं होतीं। उनका नाम सरकारी वेबसाइट से मिलता-जुलता होता है। इसलिए जरूर जांच लें कि वेबसाइट के पते के पीछे .gov.in लगा हो।

पोर्टल खुलने पर ये पांच विकल्प दिखेंगे:

विकल्प किस काम आता है
रजिस्टर-II देखें जमीन की एंट्री देखने के लिए
बकाया देंखे कितना लगान बाकी है
पिछली भुगतान देखें पहले भरा लगान और पुरानी रसीद
ऑनलाइन भुगतान करें लगान भरने के लिए
भुगतान की स्थिति देखें Transaction ID से भुगतान जांचने के लिए

लगान और होल्डिंग टैक्स एक नहीं हैं

लगान जमीन का सालाना राजस्व है और यह रजिस्टर-2 से जुड़ा होता है। होल्डिंग टैक्स शहर का नगर निकाय लेता है, जो अलग पोर्टल पर भरा जाता है। एक भरने से दूसरा पूरा नहीं होता।

ऑनलाइन लगान कैसे भरें

लगान भरने के लिए आपको अलग से कोई आवेदन या लॉगिन करने की जरूरत नहीं है। आधिकारिक पोर्टल पर Official Login का विकल्प दिखेगा, पर उस पर क्लिक करने की जरूरत नहीं है। नीचे मैंने स्क्रीनशॉट के साथ बताया है कि ऑनलाइन लगान कैसे भरना है।

पहले ये जानकारी तैयार रखें: जिला, अंचल, हल्का और मौजा। साथ में खाता नंबर, प्लाट नंबर, रैयत का नाम या भाग-पृष्ठ में से कोई एक चाहिए।

  • jharbhulagan.jharkhand.gov.in खोलें। आपको पांच विकल्प मिलेंगे। इनमें ऑनलाइन भुगतान करें वाले विकल्प पर क्लिक करके View More दबाएं।

  • अब अपना जिला, अंचल, हल्का और मौजा चुन लें।
  • लगान खोजने के लिए आपको कई विकल्प मिलेंगे, जैसे भाग वर्तमान, पृष्ठ संख्या वर्तमान या रैयत का नाम। जो तरीका आपको सही लगे, उसे चुन लें। नीचे की तालिका से मदद मिलेगी।
  • कैप्चा कोड, जिसे यहां सुरक्षा कोड कहते हैं, दर्ज करें और खोजे पर क्लिक कर दें। कोड न पढ़ा जाए तो उसके पास का गोल निशान दबाकर नया कोड लें।

  • खोजे दबाने के बाद आपके सामने एक सूची खुलकर आएगी। इसमें अपना नाम देखें और उसके आगे देखें पर क्लिक करें।

  • पंजी II विवरण में रैयत का नाम, खाता और रकबा मिलाएं। नीचे बकाया देखें दबाएं और अगले पेज पर ऑनलाइन भुगतान करें बटन से भुगतान करें।

  • भुगतान के बाद रसीद डाउनलोड करें और Transaction ID लिख लें।

भुगतान का बटन नहीं दिख रहा?

मैंने बहुत से तरीकों से जांच की, पर 6 नवंबर 2026 को जांच करते समय मुझे भुगतान का बटन नहीं मिला। पोर्टल पर इसका कारण नहीं लिखा है। ऐसा हो तो ये करें:

  • बकाया देखें वाला पेज पूरा पढ़ें और देखें कि रकम बाकी है या नहीं।
  • कुछ समय बाद या दूसरे ब्राउज़र में फिर कोशिश करें।
  • फिर भी न हो तो हल्का कर्मचारी या अंचल कार्यालय से पूछें।
  • किसी निजी वेबसाइट या ऐप पर लगान का पैसा न भरें।
आपके पास क्या है फॉर्म में यह विकल्प चुनें
पुरानी लगान रसीद से भाग और पृष्ठ नंबर भाग बर्तमान और पृष्ट संख्या बर्तमान
खाता नंबर खाता नंबर से खोजे
खेसरा नंबर प्लाट नंबर से खोजे
सिर्फ नाम रैयत नाम से खोजे
कुछ पक्का नहीं समस्त पंजी-२ को नाम के अनुसार देखें

अगर पंजी-2 की एंट्री ढूंढने में दिक्कत हो, तो हमारा लेख Jharbhoomi Register 2 कैसे देखें पढ़ें।

बकाया लगान कैसे देखें

लगान का भुगतान करने से पहले यह जरूर देख लेना चाहिए कि बकाया कितना है। इसके लिए आधिकारिक पोर्टल पर बकाया देंखे विकल्प पर जाएं। वहां फॉर्म खुलकर आएगा। अपनी सारी जानकारी दर्ज करें और अपना बकाया देख लें।

खोजने के बाद पंजी II विवरण खुलता है। इसमें तीन हिस्से होते हैं:

हिस्सा इसमें क्या दिखता है
विवरण भाग, पृष्ठ, जिला, अंचल, हलका, मौजा, थाना, खाता का प्रकार और रैयत का नाम
प्लॉट का विवरण खाता नंबर, प्लॉट संख्या और रकबा, जैसे 0 एकड़ 3 डिसमील 0 हेक्टर
लगान का विवरण लगान, रोड सेस, शिक्षा सेस, स्वास्थ्य सेस, कृषि सेस और कुल

यानी कुल रकम सिर्फ लगान की नहीं होती। जैसे एक एंट्री में लगान 0.05 है, पर सेस जोड़कर कुल 0.11 हो जाता है।

नीचे बकाया देखें, पिछली भुगतान देखें और पुनः खोज करें बटन मिलते हैं।

जमीन खरीद रहे हैं तो बयाना देने से पहले यह जांच लें। साथ में नाम भी मिला लें, ताकि पता चले कि एंट्री बेचने वाले के नाम है या नहीं।

पुरानी लगान रसीद कैसे निकालें

रसीद खो गई हो तो दोबारा भुगतान करने की जरूरत नहीं है। पिछली भुगतान देखें खोलकर वही फॉर्म भरें और अपनी एंट्री खोजें। यहां पहले किए गए भुगतान दिखेंगे और रसीद डाउनलोड की जा सकेगी।

रसीद मिलने पर उसका PDF फोन में रखें और एक प्रिंट भी निकाल लें। खेती के लोन या जमीन के सौदे में ताजा रसीद अक्सर मांगी जाती है।

पैसा कट गया पर लगान रसीद नहीं मिली

पोर्टल खुद यह चेतावनी देता है कि जांच किए बिना दोबारा भुगतान न करें। इस क्रम में चलें:

  • होम पेज पर भुगतान की स्थिति देखें खोलें।

  • Transaction ID डालकर Verify दबाएं।

  • नीचे दिए पिछली भुगतान देखें बटन से भी देखें कि भुगतान चढ़ा या नहीं।
  • बैंक का SMS या स्टेटमेंट संभालकर रखें।
  • फिर भी हल न निकले तो बैंक का सबूत लेकर अपने अंचल कार्यालय में बात करें।

लगान भरते समय आने वाली दिक्कतें

दिक्कत क्या करें
नाम से एंट्री नहीं मिल रही खाता या प्लाट नंबर से खोजें। स्पेलिंग अलग हो सकती है।
बकाया रकम गलत लग रही है भुगतान से पहले अंचल कार्यालय से पूछें।
एंट्री में नाम गलत है अंचल अधिकारी से मिलें। लगान हमेशा सही एंट्री पर ही भरें।
सुरक्षा कोड नहीं चल रहा गोल निशान दबाकर नया कोड लें।
Transaction ID नहीं लिखा पिछली भुगतान देखें में अपनी एंट्री खोलकर देखें।

अक्सर पूछे जाने वाले सवाल

क्या लगान झारभूमि पर भरा जाता है?

भुगतान jharbhulagan.jharkhand.gov.in पर होता है। विभाग के बैनर में भी यही पता लिखा है।

क्या लगान भरने के लिए खाता नंबर जरूरी है?

नहीं। भाग-पृष्ठ, रैयत के नाम या प्लाट नंबर से भी एंट्री खोज सकते हैं।

क्या किसी दूसरे की जमीन का बकाया देख सकते हैं?

खोजने के लिए जमीन की जानकारी ही चाहिए, कोई लॉगिन नहीं। इसलिए खरीदार भी सौदे से पहले बकाया जांच सकता है।

लगान कितने समय का भरना होता है?

लगान सालाना होता है। पिछला बकाया और चालू साल की रकम आपकी एंट्री में दिखती है।

लगान भरने से क्या जमीन आपके नाम हो जाती है?

नहीं। नाम चढ़वाने के लिए दाखिल-खारिज अलग से करना होता है। झारभूमि की सेवाओं के लिए हमारी पूरी गाइड देखें।

Deepak Tyagi
Deepak Tyagi
Articles: 26

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *