झारभूमि झारखंड 2026: अपना खाता, रजिस्टर-2 और जमीन का रिकॉर्ड ऑनलाइन कैसे देखें

अंचल कार्यालय जाने से पहले एक बात जान लीजिए। झारखंड में अपनी जमीन का खाता देखने के लिए आपको कहीं जाने की जरूरत नहीं है, और इसके लिए कोई पैसा भी नहीं लगता।

यह काम झारभूमि पोर्टल पर होता है। यह झारखंड सरकार के राजस्व, निबंधन एवं भूमि सुधार विभाग का पोर्टल है और इस पर राज्य के सभी 24 जिलों का रिकॉर्ड मिलता है। फिर भी बहुत से लोग यहां अटक जाते हैं, क्योंकि उन्हें अपना हल्का नहीं पता होता, या पोर्टल पर नाम की स्पेलिंग अलग लिखी होती है।

इस लेख में हम वही अटकने वाली बातें सुलझाएंगे। साथ ही यह भी बताएंगे कि मोबाइल पर दिखा रिकॉर्ड कहां काम आएगा और कहां नहीं।

Table of Contents

झारभूमि पर कौन सा काम मुफ्त है और किसमें लॉगिन चाहिए

काम लॉगिन चाहिए? कहां होगा
अपना खाता देखना नहीं झारभूमि
रजिस्टर-2 देखना नहीं झारभूमि
खेसरा की पूरी जानकारी नहीं झारभूमि
जमीन का नक्शा नहीं झारखंड भू-नक्शा
लगान भरना सीधे भुगतान का विकल्प झारखंड लगान पोर्टल
दाखिल-खारिज का आवेदन हां झारभूमि
जमीन की मापी का आवेदन हां झारभूमि

झारभूमि खोलने से पहले ये जानकारी तैयार रखें

पोर्टल पर हर खोज चार चीजों से शुरू होती है: जिला, अंचल, हल्का और मौजा। जिला सबको पता होता है, बाकी तीन में गड़बड़ी होती है।

  • अंचल: यह आपका सर्कल है। पुराने कागजों में अंचल का नाम कभी-कभी अलग मिल सकता है।
  • हल्का: कुछ गांवों का समूह, जो एक राजस्व कर्मचारी के जिम्मे होता है। पता न हो तो हल्का कर्मचारी से पूछ लें।
  • मौजा: राजस्व रिकॉर्ड में आपके गांव का नाम। यह बोलचाल के नाम से अलग भी हो सकता है।
  • खाता या खेसरा नंबर: जमीन के कागज या रजिस्ट्री में देख लें। नंबर मिल जाए तो खोज बहुत आसान हो जाती है।

झारभूमि पर अपना खाता कैसे देखें

चलिए हजारीबाग जिले के बरही अंचल का उदाहरण लेकर देखते हैं। आपके जिले में भी तरीका यही रहेगा।

  • jharbhoomi.jharkhand.gov.in खोलें। ऊपर वसुधा v2.0 लिखा दिखेगा, यही झारखंड का सरकारी भूमि पोर्टल है। बाएं मेनू में अपना खाता देखें पर क्लिक करें।

 

  • झारखंड के नक्शे पर अपना जिला चुनें, जैसे Hazaribag। नक्शे पर ESB का मतलब पूर्वी सिंहभूम, WSB का पश्चिमी सिंहभूम और SK का सरायकेला-खरसावां है।

  • अब जिले का ब्लॉक नक्शा खुलेगा। इसमें अपना अंचल चुनें, जैसे Barhi।

  • अगले पेज पर देखें कि जिला और अंचल सही भरे हैं। फिर हल्का चुनें, जैसे हलका-02।

  • किस्म जमीन चुनें। निजी जमीन आम तौर पर रैयती होती है।
  • मौजा का नाम चुने वाली सूची में अपने गांव के आगे Select दबाएं। गांव न दिखे तो दाईं ओर उसके नाम का पहला अक्षर दबाएं, या समस्त गाँव देखें चुनें।

  • खोजने का तरीका चुनें। नीचे दी गई तालिका से यह आसान हो जाएगा।
  • सुरक्षा कोड भरें और खाता खोजें दबाएं।

एक जैसे नाम वाले गांव दिखें तो राजस्व थाना नंबर देखें। यह सूची में गांव के नाम के साथ लिखा होता है, जैसे कजरा 0003।

खोज का विकल्प कब चुनें
मौजा के समस्त खातों को नामानुसार देखें जब कोई नंबर न हो और आप नाम से ढूंढना चाहें
मौजा के समस्त खातों को खेसरा संख्या के अनुसार देखें जब पूरी सूची खेसरा के क्रम में देखनी हो
खाता संख्या से देखें जब खाता नंबर पता हो
खाताधारी के नाम से देखें जब नाम की स्पेलिंग पक्की हो

किस्म जमीन में पोर्टल पर ये विकल्प मिलते हैं: गैर शिकमी दखलकार, गैरमजरूआ आम, गैरमजरूआ खास, गोचर, जिला परिषद, रैयती, रेलवे, वन भूमि और शिकमी। अगर पता न हो तो अपने जमीन के कागज में देखें। खाता न मिले तो एक बार किस्म भी जांच लें।

नाम से खाता नहीं मिल रहा?

यह सबसे आम दिक्कत है। पुराने रिकॉर्ड में नाम की स्पेलिंग अक्सर आधार कार्ड से अलग होती है। नाम वाले खाने में सिर्फ अक्षर और खाली जगह चलती है, इसलिए कोई दूसरा चिह्न न डालें।

नाम से न मिले तो खाता नंबर से खोजें। वह भी न हो, तो पूरे मौजा की सूची खोलकर देखें। इसमें थोड़ा समय लगेगा, पर आपका नाम किसी और स्पेलिंग में मिल सकता है।

खाता और खेसरा नंबर दोनों नहीं पता तो क्या करें

सबसे पहले घर के पुराने कागज देखें। रजिस्ट्री, बंटवारे के कागज या पुराने खतियान में ये नंबर मिल सकते हैं। कुछ न मिले तो पोर्टल पर पूरे मौजा की नाम वाली सूची खोलकर परिवार के बुजुर्ग का नाम ढूंढें।

अगर तब भी नहीं मिलता, तो हल्का कर्मचारी से मिलें। गांव और परिवार का नाम बताकर नंबर पूछ सकते हैं।

खतियान, खाता और रजिस्टर-2 में क्या फर्क है

झारखंड की जमीन समझने के लिए यह फर्क जानना जरूरी है। लोग इन्हें एक ही समझ लेते हैं, जबकि ये अलग-अलग बातें बताते हैं।

नाम यह क्या है आपके काम की बात
खतियान सर्वे के समय बना अधिकारों का रिकॉर्ड बताता है कि सर्वे में क्या दर्ज हुआ था। कई पुराने खतियान कैथी लिपि में हैं।
खाता खाता नंबर से पहचानी जाने वाली जोत एक खाते में कई प्लॉट हो सकते हैं।
खेसरा या प्लॉट नंबर जमीन का एक टुकड़ा किसी एक प्लॉट की जांच इसी से होती है।
रजिस्टर-2 (पंजी-2) अंचल में रखा मौजूदा जोत का रजिस्टर बताता है कि आज जमीन किसके नाम है। हर दाखिल-खारिज के बाद यह बदलता है और लगान भी इसी से तय होता है।

सीधी बात यह है कि खतियान पुराना इतिहास बताता है और रजिस्टर-2 आज की स्थिति। जमीन खरीदने वाले को दोनों देखने चाहिए।

खतियान में दादा का नाम है और रजिस्टर-2 में किसी और का?

यह हमेशा गलती नहीं होती। खतियान सर्वे के समय का रिकॉर्ड है, इसलिए उसमें पुरानी पीढ़ी का नाम हो सकता है। रजिस्टर-2 में बाद के दाखिल-खारिज के बाद नया नाम आ जाता है।

दिक्कत तब है जब रजिस्टर-2 का नाम आपके परिवार से जुड़ा न लगे और आपके पास उस बदलाव का कोई कागज न हो। ऐसे में खेसरा वार एंट्री का प्रिंट लेकर अंचल कार्यालय जाएं।

कई पुराने खतियान कैथी लिपि में होते हैं, जिसे आज कम लोग पढ़ पाते हैं। अंदाज़े से मतलब न निकालें। किसी जानकार व्यक्ति या वकील से पढ़वा लें।

झारभूमि रजिस्टर-2 कैसे देखें

रजिस्टर-2 से पता चलता है कि आज जमीन किसके नाम दर्ज है। झारभूमि के बाएं मेनू में रजिस्टर-II देखें खोलें और जिला, अंचल, हल्का और मौजा चुनें। फिर भाग-पृष्ठ, रैयत के नाम, प्लॉट नंबर या खाता नंबर से खोजें।

दाखिल-खारिज के बाद नया नाम जांचना हो तो पंजी -II – खेसरा वार विवरण देखें। पंजी 2 की प्रति पढ़ने का पूरा तरीका जानने के लिए हमारा लेख Jharbhoomi Register 2 कैसे देखें और पढ़ें देखें।

क्या दाखिल-खारिज रजिस्टर-2 में चढ़ गया?

इसके लिए पंजी -II – खेसरा वार विवरण देखें। इसमें जिला, अंचल, हल्का, मौजा, खाता और खेसरा नंबर भरने पर उस प्लॉट की रजिस्टर-2 की सारी एंट्री दिखती हैं। यहीं पता चलता है कि नया नाम सच में चढ़ा है या नहीं।

किसी प्लॉट का पूरा ब्योरा चाहिए, तो खेसरा का सम्पूर्ण विवरण देखें भी खोल लें।

झारखंड में दाखिल-खारिज ऑनलाइन कैसे करें

जमीन की रजिस्ट्री हो जाने से काम पूरा नहीं होता। जब तक दाखिल-खारिज नहीं होता, रजिस्टर-2 में आपका नाम नहीं चढ़ता। बिक्री, दान, विरासत, बंटवारे या वसीयत, हर हालत में नया नाम इसी से चढ़ता है।

रजिस्ट्री के बाद रजिस्टर-2 में नया नाम दाखिल-खारिज से चढ़ता है। बिक्री, दान, विरासत, बंटवारे या वसीयत के बाद यही प्रक्रिया होती है।

झारभूमि पर ऑनलाइन आवेदन खोलकर लॉगिन करें और Apply New Mutation चुनें। डीड की जानकारी ठीक वैसी ही भरें जैसी डीड में लिखी है। रजिस्ट्रेशन नंबर संभालकर रखें, मेनू के आवेदन स्थिति में यही काम आएगा।

आवेदन से पहले ये तैयार रखें

  • रजिस्टर्ड डीड, जिसमें जिला, SRO, डीड नंबर, तारीख और कीमत लिखी हो
  • खरीदार और विक्रेता के नाम, पिता या पति के नाम समेत, ठीक वैसे ही जैसे डीड में लिखे हैं
  • खाता नंबर, प्लॉट नंबर और डेसिमल में रकबा
  • जरूरी दस्तावेजों की स्कैन कॉपी
  • ईमेल आईडी और OTP आने वाला मोबाइल नंबर

आवेदन के चरण

  • झारभूमि पर ऑनलाइन आवेदन खोलें। खाता नहीं है तो पहले रजिस्ट्रेशन कर लें। ईमेल, पासवर्ड और सुरक्षा कोड से लॉगिन करें, फिर मोबाइल पर आया OTP डालकर Verify OTP दबाएं।
  • इसके बाद District, Circle और Session चुनकर Apply New Mutation पर क्लिक करें। बिक्री के मामले में डीड की जानकारी भरकर Validate दबाएं। पोर्टल इन्हें रजिस्ट्रेशन के रिकॉर्ड से मिलाता है, इसलिए एक-एक खाना डीड देखकर ही भरें।
  • अगले पेज पर खरीदार और विक्रेता के नाम जांचें। Plot Details में खाता, प्लॉट और रकबा भरें। Upload Document में कागज अपलोड करके Final Save दबाएं।
  • आखिर में हरी पट्टी में जो रजिस्ट्रेशन नंबर दिखे, उसे लिख लें। आगे स्थिति देखने में यही काम आएगा। दान, विरासत, बंटवारे और वसीयत के आवेदन पुराने फॉर्म पर जाते हैं, जिसमें डीड का मिलान नहीं होता।
  • शुल्क और समय-सीमा के बारे में इंटरनेट पर लिखी हर बात पर भरोसा न करें। पोर्टल के सार्वजनिक पेजों पर यह जानकारी साफ नहीं दी गई है, इसलिए अपने अंचल कार्यालय से पूछें और पैसे दें तो रसीद जरूर लें।

दाखिल-खारिज की स्थिति कैसे देखें

आवेदन का रजिस्ट्रेशन नंबर संभालकर रखें, क्योंकि स्थिति इसी से दिखती है। झारभूमि पर म्यूटेशन स्टेटस खोलकर यह नंबर डालें। पेंडिंग का मतलब है कि मामला अभी चल रहा है।

मंजूरी दिखने पर भी रुकें नहीं। खेसरा वार विवरण में देखें कि नया नाम रजिस्टर-2 में आया या नहीं। आवेदन खारिज हो जाए तो पहले आदेश का कारण पढ़ें। असहमति हो तो DCLR के यहां अपील का रास्ता है।

झारखंड ऑनलाइन लगान कैसे भरें

लगान जमीन का सालाना लगान है। यह झारभूमि पर नहीं, अलग पोर्टल jharbhulagan.jharkhand.gov.in पर भरा जाता है।

ऑनलाइन भुगतान करें पर क्लिक करके जिला, अंचल, हल्का और मौजा चुनें। फिर भाग-पृष्ठ, रैयत के नाम, प्लॉट या खाता नंबर से अपनी एंट्री खोजें। बकाया रकम मिलाकर भुगतान करें और रसीद डाउनलोड कर लें।

पैसा कट गया पर रसीद नहीं मिली? दोबारा भुगतान न करें। भुगतान की स्थिति देखें में Transaction ID डालकर Verify दबाएं।

ऑनलाइन भुगतान करें पर क्लिक करके अपनी एंट्री खोजें, बकाया रकम देखें, भुगतान करें और रसीद डाउनलोड कर लें। पैसा कट जाए और रसीद न मिले, तो दोबारा भुगतान न करें। पहले भुगतान की स्थिति देखें में जांच लें।

बकाया, पुरानी रसीद और भुगतान की स्थिति की पूरी जानकारी के लिए हमारा लेख झारखंड ऑनलाइन लगान और रसीद देखें।

झारखंड के जमीन का नक्शा कहां देखें

झारभूमि पर लिखा रिकॉर्ड मिलता है, जबकि प्लॉट का आकार और पड़ोसी प्लॉट झारखंड भू-नक्शा पर दिखते हैं। जिला, अंचल, हल्का और मौजा चुनकर Plot No. में खेसरा नंबर डालें।

याद रखें कि यह सर्वे का नक्शा है, जमीन पर की गई नाप नहीं। सीमा का झगड़ा हो तो झारभूमि के उसी लॉगिन से जमीन मापी का आवेदन करें। नक्शा न खुले या प्लॉट न दिखे, तो हमारा लेख भू-नक्शा काम नहीं कर रहा? देखें।

जमीन खरीदने से पहले झारभूमि पर ये 5 जांच करें

बयाना देने से पहले ये जांच खुद कर लें। इसमें कुछ मिनट ही लगते हैं।

  1. मालिक का नाम: बेचने वाले का नाम रजिस्टर-2 में देखें। सिर्फ पुराने खतियान पर भरोसा न करें।
  2. जमीन की किस्म: गैरमजरूआ या वन भूमि लिखा हो, तो सौदा रोककर अंचल कार्यालय और वकील से पूछें।
  3. आदिवासी जमीन: छोटानागपुर काश्तकारी अधिनियम 1908 (CNT) और संथाल परगना के कानूनों (SPT) में ट्रांसफर पर रोक है। इसलिए साफ एंट्री देखकर भी सौदा पक्का न मानें।
  4. लगान का हिसाब: लगान पोर्टल के बकाया देंखे और पिछली भुगतान देखें में बकाया और पिछले भुगतान जांचें।
  5. नक्शा और रकबा: भू-नक्शे का प्लॉट, रिकॉर्ड का रकबा और मौके की जमीन, तीनों मिलाकर देखें।

ये जांच शुरुआती हैं। बड़े सौदे में कागज किसी वकील को भी दिखा लें।

स्क्रीन वाली कॉपी कहां काम नहीं आएगी

मोबाइल पर दिखा रिकॉर्ड और उसका प्रिंट जांचने के लिए ठीक है। पोर्टल खुद इस डेटा को सामान्य जानकारी के लिए बताता है।

बैंक, कोर्ट और रजिस्ट्री दफ्तर आम तौर पर प्रमाणित कॉपी मांगते हैं। इसके लिए अपने अंचल कार्यालय में आवेदन करें। शुल्क और समय वहीं पूछ लें और रसीद लें।

गलती मिले तो कहां जाएं

दिक्कत कहां जाएं
रिकॉर्ड में गलत एंट्री या दाखिल-खारिज अटका है अपने अंचल के अंचल अधिकारी (CO) के पास। खाता, प्लॉट और गलत एंट्री का प्रिंट साथ ले जाएं।
दाखिल-खारिज के आदेश से असहमति भूमि सुधार उप समाहर्ता (DCLR) के यहां अपील। यह झारभूमि के लॉगिन से ऑनलाइन भी हो सकती है।
राजस्व अदालत का मामला राजस्व न्यायालय पोर्टल
पोर्टल की तकनीकी दिक्कत विभाग का नंबर 0651-2446066 या ईमेल dolrjh@gmail.com

झारभूमि पर आने वाली आम दिक्कतें

गांव सूची में नहीं है: मौजा का नाम पहले हिंदी अक्षर से छनता है और स्पेलिंग अलग हो सकती है। समस्त गाँव देखें खोलकर पूरी सूची देखें।

सुरक्षा कोड गलत बता रहा है: कोड का समय खत्म हो सकता है। पेज दोबारा खोलें, सब फिर चुनें और नया कोड भरें।

खाता या खेसरा नंबर में / है: पोर्टल के नोटिस के अनुसार दाखिल-खारिज और भूमि सीमांकन के आवेदन में एक बट्टे (/) वाला नंबर, जैसे 245/1, स्वीकार किया जा रहा है। नंबर ठीक वैसा ही भरें जैसा रिकॉर्ड में लिखा है।

दाखिल-खारिज फॉर्म Validate पर रुक गया: डीड की कोई जानकारी या नाम रजिस्ट्रेशन रिकॉर्ड से नहीं मिल रहे। हर खाना डीड से दोबारा मिलाएं।

किस काम के लिए कौन सा रिकॉर्ड देखें

हर बार सब कुछ देखने की जरूरत नहीं है। अपने काम के हिसाब से यहां से शुरू करें।

आपका काम पहले यह देखें उसके बाद
जमीन खरीदना रजिस्टर-2 खतियान, नक्शा और लगान का बकाया
रजिस्ट्री के बाद नाम चढ़वाना ऑनलाइन दाखिल-खारिज आवेदन खेसरा वार विवरण
परिवार की पुरानी जमीन खोजना मौजा की नाम वाली सूची खतियान की प्रमाणित कॉपी
खेती के लिए लोन लेना रजिस्टर-2 की एंट्री ताजा लगान रसीद
सीमा का झगड़ा भू-नक्शा जमीन मापी का आवेदन

झारभूमि पर झारखंड के कौन से जिले हैं

पोर्टल पर झारखंड के सभी 24 जिलों का रिकॉर्ड देखा जा सकता है। खोजने का तरीका हर जिले में एक जैसा है।

बोकारो, चतरा, देवघर, धनबाद, दुमका, पूर्वी सिंहभूम, गढ़वा, गिरिडीह, गोड्डा, गुमला, हजारीबाग, जामताड़ा, खूंटी, कोडरमा, लातेहार, लोहरदगा, पाकुड़, पलामू, रामगढ़, रांची, साहिबगंज, सरायकेला-खरसावां, सिमडेगा और पश्चिमी सिंहभूम।

जमीन खरीद रहे हैं तो जिले पर भी ध्यान दें। दुमका, देवघर, गोड्डा, जामताड़ा, पाकुड़ और साहिबगंज संथाल परगना क्षेत्र में आते हैं, जहां SPT के नियम लागू होते हैं।

अक्सर पूछे जाने वाले सवाल

झारभूमि की सही वेबसाइट कौन सी है?

jharbhoomi.jharkhand.gov.in ही सरकारी पता है। पुराने लेखों में jharbhoomi.nic.in भी लिखा मिल सकता है। इस नाम से मिलती-जुलती निजी वेबसाइटें भी हैं, इसलिए पता देखकर ही भरोसा करें।

क्या खाता देखने के पैसे लगते हैं?

नहीं। खाता, रजिस्टर-2 और खेसरा विवरण मुफ्त देख सकते हैं, लॉगिन भी नहीं चाहिए।

रजिस्ट्री के बाद रजिस्टर-2 में नाम अपने आप चढ़ जाता है?

इस पर भरोसा न करें। दाखिल-खारिज का आवेदन करें और बाद में खेसरा वार विवरण में जांच लें कि नाम चढ़ा या नहीं।

क्या झारभूमि का प्रिंट बैंक में चलेगा?

आम तौर पर बैंक प्रमाणित कॉपी मांगते हैं। अपने बैंक से पूछकर अंचल कार्यालय से कॉपी ले लें।

क्या खाता देखने के लिए OTP या आधार देना पड़ता है?

खाता देखने में लॉगिन नहीं चाहिए, सिर्फ सुरक्षा कोड भरना होता है। OTP दाखिल-खारिज वाले लॉगिन में आता है। अगर कोई निजी वेबसाइट खाता दिखाने के नाम पर पैसा या OTP मांगे, तो न दें।

मोबाइल से यह सब हो जाएगा?

खाता और रजिस्टर-2 मोबाइल ब्राउज़र में खुल जाते हैं। अगर नक्शे पर जिला चुनने में दिक्कत हो, तो ब्राउज़र में डेस्कटॉप साइट का विकल्प चालू करके देखें। दाखिल-खारिज के कागज अपलोड करने में कंप्यूटर आसान रहता है।

Deepak Tyagi
Deepak Tyagi
Articles: 26

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *