Bihar Bhumi Jankari 2026: खाता खेसरा, जमाबंदी, लगान रसीद और दाखिल खारिज ऑनलाइन देखें

बिहार में ज़मीन का कोई काम निकलते ही सबसे पहली उलझन यही होती है कि खोलें कौन सी वेबसाइट। जमाबंदी एक जगह दिखती है, लगान दूसरी जगह कटता है, नक्शा तीसरी जगह मिलता है और पुराना केवाला चौथी जगह। ऊपर से “बिहार भूमि” और “भूमि जानकारी” नाम इतने मिलते-जुलते हैं कि लोग दोनों को एक ही समझ लेते हैं।

इसी भ्रम का फ़ायदा बिचौलिए और नकली वेबसाइटें उठाती हैं। इसलिए इस लेख में मैंने खाता, जमाबंदी, लगान रसीद और दाखिल-खारिज का पूरा सरकारी रास्ता एक जगह रखा है। कुछ लोग इसे “बिहार भूलेख” भी कहते हैं, बात एक ही है: अपनी ज़मीन का रिकॉर्ड खुद देखना और उसे सही रखना। तो आपको Bihar Bhulekh Khata Khesra या Khatiyan निकलना हो या फिर जमाबंदी करवानी हो सबके लिए Bihar Bhumi Portal है।

इन कामों के लिए न कंप्यूटर ज़रूरी है, न कोई ऐप। मोबाइल का ब्राउज़र काफ़ी है, बस वेबसाइट का पता .gov.in पर खत्म होना चाहिए।

Table of Contents

कौन सा काम किस सरकारी पोर्टल पर होगा

समझ न आए तो बिहार भूमि से शुरू कीजिए। रोज़ के ज़्यादातर कामों के रास्ते वहीं से खुलते हैं। अलग-अलग काम के सीधे पते ये हैं:

आपका काम सही पोर्टल
जमाबंदी, खाता-खेसरा देखना biharbhumi.bihar.gov.in
दाखिल-खारिज का आवेदन और उसकी स्थिति biharbhumi.bihar.gov.in और emutation.bihar.gov.in
लगान जमा करना, रसीद निकालना bhulagan.bihar.gov.in
जमाबंदी की गलती सुधारना parimarjanplus.bihar.gov.in
ज़मीन का नक्शा bhunaksha.bihar.gov.in
पुराना खतियान और डिजिटल हस्ताक्षर वाला रिकॉर्ड bhuabhilekh.bihar.gov.in
पुराना केवाला, सरकारी रेट (MVR), भारमुक्त प्रमाण पत्र bhumijankari.bihar.gov.in
विशेष भूमि सर्वेक्षण की स्वघोषणा dlrs.bihar.gov.in

Bihar-Bhumi-Jankari-Khata-Khesra-Online

एक बात ज़रूर याद रखिए। भूमि जानकारी पोर्टल रजिस्ट्री से जुड़ी जानकारी के लिए है, जबकि आज की जमाबंदी बिहार भूमि पर दिखती है। जमाबंदी न मिलने की शिकायत अक्सर गलत पोर्टल खोलने से ही होती है।

खाता, खेसरा और जमाबंदी ऑनलाइन कैसे देखें

पहले चार शब्द साफ़ कर लेते हैं, क्योंकि पूरा रिकॉर्ड इन्हीं पर टिका है। खाता रैयत का लेखा है, जिसमें उसकी ज़मीन के टुकड़े दर्ज होते हैं। खेसरा एक प्लॉट का नंबर है। खतियान सर्वे के समय बना अधिकार अभिलेख है, जो ज़मीन का मूल बताता है। जमाबंदी यानी पंजी-2 चालू लेखा है, जो बताता है कि आज ज़मीन किसके नाम चढ़ी है।

खुद देखने का तरीका यह है:

  1. बिहार भूमि पोर्टल खोलकर “जमाबंदी पंजी देखें” पर जाइए। हिंदी के अलावा दूसरी भाषा चाहिए तो “22 भाषाओं” वाला विकल्प भी मिलता है।
  2. जिला और अंचल चुनिए, फिर हल्का और मौजा।
  3. खोजने का आधार चुनिए: रैयत का नाम, खाता नंबर, खेसरा नंबर या जमाबंदी संख्या।
  4. नतीजे में अपनी जमाबंदी खोलकर नाम, पिता का नाम, रकबा और खेसरा मिलाइए।

नाम से खोजना सबसे आसान लगता है, पर यहीं सबसे ज़्यादा गड़बड़ी भी होती है। एक मात्रा का फ़र्क होने पर भी रिकॉर्ड नहीं दिखता। उपलब्ध हो तो खाता या खेसरा से खोजिए।

अंचल भी ध्यान से चुनिए, क्योंकि कुछ जगह इनकी सीमा बदली है। उदाहरण के लिए पटना सदर अंचल को बाँटकर पटना सदर, पाटलिपुत्र, पटना सिटी और दीदारगंज, चार अंचल बनाए गए हैं।

जमाबंदी से मोबाइल और आधार जुड़ा है या नहीं

बिहार भूमि पर “Check Aadhaar/Mobile Seeding Status” खोलकर कम्प्यूटरीकृत जमाबंदी संख्या डालने पर स्थिति दिख जाती है। अगर जुड़ा न हो, तब भी आपका रिकॉर्ड खत्म नहीं होता।

फिर भी मेरी सलाह यही है कि मोबाइल नंबर जरूर जुड़वाइए। जमाबंदी में कोई बदलाव होने पर इसी नंबर पर SMS आता है। गाँव से दूर रहने वालों के लिए यह सबसे सस्ती चौकसी है। जोड़ने या गलत नंबर बदलने के लिए अपने अंचल कार्यालय या हल्का कर्मचारी से पूछिए।

लगान रसीद ऑनलाइन कैसे काटें

लगान जमा करने का सीधा पता bhulagan.bihar.gov.in है। जिला, अंचल, हल्का और मौजा चुनकर अपनी जमाबंदी खोलिए। स्क्रीन पर बकाया दिखेगा, उसे ऑनलाइन जमा करके रसीद डाउनलोड कर लीजिए।

पैसा कट गया और रसीद नहीं आई, तो दोबारा भुगतान करने की जल्दी न कीजिए। भू-लगान खंड में लेनदेन संख्या से पहले उसकी स्थिति जाँचिए।

रसीद संभालकर रखिए, क्योंकि दाखिल-खारिज, सुधार और सर्वे, तीनों में इसकी ज़रूरत पड़ सकती है। लेकिन रसीद से सिर्फ़ लगान जमा होना दिखता है। ज़मीन खरीदने से पहले जमाबंदी और केवाला भी ज़रूर मिलाइए।

दाखिल-खारिज: रजिस्ट्री के बाद का सबसे ज़रूरी काम

केवाला होने से जमाबंदी अपने आप आपके नाम नहीं चढ़ती। उसके लिए दाखिल-खारिज कराना पड़ता है, जिसमें नए मालिक का नाम चढ़ता है और पुराने का हिस्सा कटता है। यह काम बिहार भूमि दाखिल-खारिज अधिनियम, 2011 के तहत होता है।

अपवाद बस एक स्थिति में है। जब बेचने वाला अकेला मालिक हो, जमाबंदी उसी के नाम हो और खरीदार एक ही हो, तब रजिस्ट्री के बाद प्रक्रिया अपने आप शुरू हो सकती है। बाकी मामलों में आवेदन खुद देना होता है, इसलिए रजिस्ट्री के बाद स्थिति ज़रूर जाँच लीजिए।

Bihar-Bhumi-Jamabandi-Online-Mutation

आवेदन के लिए क्या तैयार रखें

  • रजिस्टर्ड केवाला
  • लगान रसीद और पुरानी जमाबंदी की प्रति
  • आधार या दूसरा पहचान पत्र और चालू मोबाइल नंबर
  • विरासत के मामले में मृत्यु प्रमाण पत्र और वंशावली

आवेदन के चरण

  1. बिहार भूमि पर पंजीकरण करके लॉगिन कीजिए।
  2. “ऑनलाइन दाखिल-खारिज आवेदन” चुनकर जिला, अंचल और मौजा भरिए।
  3. खरीदार, बेचने वाले, केवाला और प्लॉट का विवरण दर्ज कीजिए।
  4. दस्तावेज़ अपलोड करके जमा कीजिए और वाद संख्या लिख लीजिए।
  5. ई-म्यूटेशन पोर्टल पर स्थिति देखते रहिए।

उपलब्ध जानकारी के अनुसार ऑनलाइन आवेदन का कोई शुल्क नहीं है। काम जल्दी कराने के नाम पर पैसे माँगे जाएँ तो सावधान हो जाइए।

कितने दिन लगेंगे और किस चीज़ की समय सीमा क्या है

स्थिति समय सीमा
बिना आपत्ति वाला दाखिल-खारिज, CO न्यायालय 35 दिन
आपत्ति वाला दाखिल-खारिज, CO न्यायालय 75 दिन
आवेदन की त्रुटि सुधारना, आवेदक की ओर से 30 दिन, नहीं तो आवेदन रद्द
CO के आदेश के खिलाफ़ DCLR में अपील देना आदेश से 30 दिन के भीतर
DCLR न्यायालय में अपील का निपटारा 30 दिन

हकीकत में कई मामले इससे ज़्यादा समय लेते हैं। मई 2026 की खबरों के अनुसार राज्य में 3 लाख से ज़्यादा मामले लंबित थे और विभाग ने इन्हें जल्दी निपटाने का निर्देश दिया। छोटी तकनीकी वजह से आवेदन बार-बार लौटाने पर भी रोक लगाई गई।

स्थिति देखते समय क्या न चूकें

सबसे आम गलती यह है कि लोग आवेदन देकर महीनों भूल जाते हैं। पोर्टल पर “Mutation Defect Check Status” और CO द्वारा लौटाए गए आवेदनों की सूची अलग से मिलती है। इन्हें हफ़्ते में एक बार देख लेना ठीक रहता है, ताकि 30 दिन की सीमा निकलने से पहले सुधार हो जाए।

आवेदन स्वीकृत होने पर शुद्धि पत्र डाउनलोड करके रखिए और देख लीजिए कि जमाबंदी में नाम चढ़ा है या नहीं। अगर किसी दूसरे के आवेदन से आपकी ज़मीन पर असर पड़ रहा हो, तो पोर्टल पर आपत्ति दर्ज करने का विकल्प भी है।

अस्वीकृत होने पर आदेश में लिखा कारण पढ़िए और 30 दिन के भीतर DCLR के यहाँ अपील कीजिए। विवाद गंभीर हो तो किसी जानकार वकील से भी सलाह ले लेना ठीक रहता है।

जमाबंदी में गलती है तो परिमार्जन प्लस पर आवेदन दीजिए

पुराने हाथ से लिखे रजिस्टर कंप्यूटर में चढ़ाते समय कई जगह नाम, रकबा या खेसरा गलत दर्ज हो गए। कुछ जमाबंदियाँ तो ऑनलाइन चढ़ी ही नहीं। इन दोनों स्थितियों के लिए आवेदन परिमार्जन प्लस पर होता है।

BiharBhumi-Parimarjan-Portal

 

यहाँ मालिकाना हक नहीं बदलता, सिर्फ़ दर्ज रिकॉर्ड की गलती ठीक होती है। सही बात साबित करने वाले कागज़, जैसे खतियान, केवाला और लगान रसीद, साथ लगाइए।

विभाग ने दिसंबर 2025 में इसकी समय सीमा तय की थी:

गलती का प्रकार अधिकतम समय
नाम, पिता का नाम, पता, प्लॉट नंबर, रकबा या लगान की लिपिकीय गलती 15 कार्य दिवस
रिकॉर्ड की दूसरी गड़बड़ी 35 कार्य दिवस
छूटी हुई जमाबंदी ऑनलाइन चढ़ाना, या जिसमें ज़मीन की मापी ज़रूरी हो 75 कार्य दिवस तक

ध्यान रहे कि आवेदन आपके पास लौटा हो तो वह समय इसमें नहीं गिना जाता। इसलिए लौटे हुए आवेदन का जवाब जल्दी दीजिए।

नक्शा, पुराना खतियान, LPC और केवाला कहाँ मिलेगा

नक्शा भू-नक्शा पोर्टल पर मुफ़्त देखा जा सकता है। छपी शीट की कीमत 150 रुपये बताई गई है, और ऑनलाइन मंगाने पर डाक खर्च समेत एक शीट 285 रुपये में घर आती है। ज़मीन की मापी करानी हो तो बिहार भूमि पर e-Mapi का विकल्प है। विभाग के पत्र में इसके निपटारे की सीमा 7 से 11 दिन लिखी गई है।

पुराना खतियान और डिजिटल हस्ताक्षर वाला रिकॉर्ड भू-अभिलेख पोर्टल पर मिलता है। हर गाँव का रिकॉर्ड वहाँ मिलना ज़रूरी नहीं है, क्योंकि राज्य के करीब 45,000 में से लगभग 8,000 गाँवों के खतियान गायब बताए गए हैं। सरकार इन्हें लोगों से भी जुटाने की कोशिश कर रही है।

Bhu-Abhilekh-Portal-Bihar Bhulekh khata Khesra

बहुत पुराने कागज़ कैथी लिपि में हो सकते हैं। बिहार भूमि पर कैथी सीखने की पुस्तक भी दी गई है।

LPC यानी भू-धारकता प्रमाण पत्र का आवेदन भी बिहार भूमि से होता है, और उसकी स्थिति भी वहीं दिखती है। बैंक के लिए बनवा रहे हों तो पहले पूछ लीजिए कि वे कितना पुराना LPC मानते हैं।

केवाला देखने, सरकारी रेट जानने और भारमुक्त प्रमाण पत्र के लिए भूमि जानकारी पोर्टल है। खरीदने से पहले यहाँ ज़रूर जाँच लीजिए कि ज़मीन पर कोई पुराना लेनदेन या भार तो नहीं है।

बिहार विशेष भूमि सर्वेक्षण: स्वघोषणा और वंशावली के नियम

सरकार ने मई 2026 में कहा कि सर्वे और रिकॉर्ड सुधार का काम 2027 के अंत तक पूरा होगा। इंटरनेट पर दिसंबर 2026 वाली पुरानी तारीख अभी भी घूम रही है, इसलिए तारीख देखकर घबराइए नहीं। लेकिन स्वघोषणा टालना भी ठीक नहीं है, अपने शिविर से गाँव की स्थिति पूछ लीजिए।

सर्वे के लिए दो प्रपत्र सबसे ज़रूरी हैं:

  • प्रपत्र-2: रैयत या उसके वंशज अपनी ज़मीन की स्वघोषणा इसी में देते हैं।
  • प्रपत्र-3(1): यह वंशावली का प्रपत्र है। जमाबंदी रैयत जीवित हों तो इसकी ज़रूरत नहीं पड़ती।

वंशावली को लेकर सबसे ज़्यादा गलतफ़हमी है। अक्टूबर 2024 के संशोधित नियमों के अनुसार वंशज इसे खुद बनाकर जमा कर सकते हैं। इसके लिए न पंचायत प्रतिनिधि के हस्ताक्षर चाहिए और न नोटरी या मजिस्ट्रेट के सामने शपथ। आपत्ति आने पर सर्वे कर्मी जाँच करेंगे।

कुछ और बातें राहत देने वाली हैं:

  • पुरानी लगान रसीद की प्रति भी दी जा सकती है।
  • ज़मीन पर मालिक का खुद होना ज़रूरी नहीं है, उनका प्रतिनिधि आ सकता है।
  • सारे कागज़ एक साथ न हों तो जो हैं उन्हें अभी देकर बाकी बाद में दिए जा सकते हैं।
  • परिवार में बंटवारा नहीं हुआ हो, तब भी सर्वे नहीं रुकेगा। रिकॉर्ड उन्हीं पूर्वजों के नाम बना रहेगा जिनके नाम अभी दर्ज है।

स्वघोषणा अपने अंचल के सर्वे शिविर में जमा हो सकती है, या भू-अभिलेख एवं परिमाप निदेशालय की वेबसाइट पर अपलोड। जमा करने के बाद सर्वे कर्मी ज़मीन का सत्यापन करते हैं। मसौदे में गलती दिखे तो दावा-आपत्ति के चरण में लिखित आपत्ति दीजिए।

वंशावली में किसका नाम आएगा, यह परिवार पर लागू उत्तराधिकार कानून से तय होता है। हिंदू परिवारों में शादीशुदा बेटी भी वारिस है, जबकि मुस्लिम परिवारों में हिस्से के नियम अलग हैं। संदेह हो तो वकील से पूछकर ही भरिए, क्योंकि किसी वारिस का नाम छूटना आगे चलकर विवाद बन सकता है।

ज़मीन खरीदने से पहले घर बैठे ये जाँच कर लीजिए

सौदा पक्का करने से पहले आधा घंटा इन जाँचों पर लगाना बाद के कई साल के मुकदमे से बचा सकता है। बेचने वाले से खाता, खेसरा और मौजा लेकर खुद मिलाइए:

  • जमाबंदी बेचने वाले के नाम है, और उसमें बताया गया रकबा सौदे से मेल खाता है।
  • जमाबंदी किसी पूर्वज के नाम हो, तो बाकी वारिसों की सहमति या बंटवारे का कागज़ देखिए।
  • लगान रसीद ताज़ा है और उसका नाम जमाबंदी से मिलता है।
  • भू-नक्शा में प्लॉट की जगह और आकार वही है जो मौके पर दिखाया गया।
  • भूमि जानकारी पोर्टल पर पुराने केवाले और भार की जानकारी देख लीजिए।
  • बिहार भूमि के Land Mortgage Portal से बंधक की स्थिति भी जाँच लीजिए।
  • उस खेसरा पर कोई दाखिल-खारिज या विवाद पहले से तो नहीं चल रहा, यह अंचल कार्यालय से पूछ लीजिए।

ऑनलाइन रिकॉर्ड सही दिखे, तब भी ज़मीन पर जाकर कब्जा ज़रूर देखिए। बड़े सौदे में रजिस्ट्री से पहले वकील से कागज़ दिखा लेना समझदारी है।

नकली वेबसाइट से कैसे बचें

“एक मिनट में दादा-परदादा का केवाला निकालें” जैसे दावों पर भरोसा मत कीजिए। कई निजी वेबसाइटें देखने में सरकारी लगती हैं, और उनके नाम में “bihar” या “bhumi” भी होता है। तीन बातें याद रखिए:

  1. पता bihar.gov.in पर खत्म होना चाहिए। निजी साइट पर आधार नंबर या कागज़ अपलोड न कीजिए।
  2. जमाबंदी देखने या स्थिति जाँचने के नाम पर पैसे में न फँसिए।
  3. OTP किसी को फोन या व्हाट्सएप पर न बताइए। सरकारी पोर्टल पर खुद लॉगिन करते समय OTP आ सकता है, पर कोई कर्मचारी उसे आपसे नहीं माँगता।

गलती से पैसे या जानकारी दे दी हो, तो राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 पर फोन कीजिए या cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कीजिए।

आवेदन अटका है तो कहाँ शिकायत करें

सबसे पहले विभाग की टोल-फ्री हेल्पलाइन 1800-345-6215 पर फोन कीजिए। साथ ही बिहार भूमि पर “Raise a Ticket” से ऑनलाइन शिकायत दे सकते हैं।

समय सीमा निकल जाए तो अंचल कार्यालय जाकर CO से मिलिए और अपनी वाद संख्या साथ रखिए। फिर भी सुनवाई न हो तो राज्य सरकार के सहयोग पोर्टल या हेल्पलाइन 1100 पर, और लोक शिकायत पोर्टल पर शिकायत दर्ज कीजिए।

यह भी पढ़ें: भू नक्शा बिहार 2026: bhunaksha.bihar.gov.in पर जमीन का नक्शा कैसे देखें

अक्सर पूछे जाने वाले सवाल

क्या ऑनलाइन जमाबंदी बैंक या अदालत में चलेगी?

स्क्रीनशॉट सिर्फ़ अपनी जानकारी के लिए रखिए। औपचारिक काम के लिए भू-अभिलेख पोर्टल से डिजिटल हस्ताक्षर वाली प्रति लीजिए, और बैंक या वकील से पूछ लीजिए कि उन्हें किस रूप में कागज़ चाहिए।

“Data Not Found” आए तो क्या करें?

पहले अंचल, मौजा और नंबर दोबारा जाँचिए, और नाम की जगह खाता या खेसरा से खोजिए। फिर भी न मिले तो हो सकता है कि जमाबंदी ऑनलाइन चढ़ी ही न हो। ऐसे में परिमार्जन प्लस पर आवेदन दीजिए।

दाखिल-खारिज और परिमार्जन में क्या अंतर है?

दाखिल-खारिज से नाम बदलता है, परिमार्जन से दर्ज गलती ठीक होती है।

बिहार से बाहर रहकर क्या यह सब हो सकता है?

हाँ, देखने और ऑनलाइन आवेदन के लिए बिहार में होना ज़रूरी नहीं है। मेरी सलाह है कि बाहर रहने वाले लोग मोबाइल नंबर जुड़वा लें और साल में एक-दो बार अपनी जमाबंदी देख लें।

खाता या खेसरा नंबर नहीं पता तो कहाँ से मिलेगा?

ये नंबर पुरानी लगान रसीद, केवाला या खतियान में मिल जाते हैं। कागज़ न हों तो बिहार भूमि पर रैयत के नाम से खोजकर देखिए, और नाम के अलग-अलग रूप आज़माइए।

जमाबंदी अभी दादा के नाम है, तो क्या करें?

वारिस विरासत के आधार पर दाखिल-खारिज का आवेदन दे सकते हैं। बंटवारा न हुआ हो तो पहले परिवार में सहमति बना लेना अच्छा रहता है।

लगान रसीद नहीं कट रही तो कारण क्या हो सकता है?

अक्सर जमाबंदी ऑनलाइन नहीं चढ़ी होती या उसमें रकबा और लगान की जानकारी खाली होती है। ऐसे में सुधार का आवेदन परिमार्जन प्लस पर दीजिए।

आखिर में बस इतना कहूँगी कि ज़मीन का रिकॉर्ड तभी देखिए, जब कोई झगड़ा खड़ा हो, यह आदत बदल दीजिए। साल में एक बार लगान जमा करते समय जमाबंदी भी देख लीजिए। गलती जितनी जल्दी पकड़ में आएगी, उसे ठीक कराना उतना ही आसान होगा।

Deepak Tyagi
Deepak Tyagi
Articles: 26

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *