आजकल ज़मीन खरीदना एक बहुत बड़ा फ़ैसला होता है, और आजकल बहुत ज़्यादा फ्रॉड भी चल रहे हैं। जैसे उत्तर प्रदेश के बड़े शहरों की बात करें, नोएडा जैसी जगहों पर सस्ते दाम में ज़मीन दिखाकर छोटा-मोटा फ़ार्महाउस बनाकर बेच दिया जाता है। लोग लालच में खरीद लेते हैं, उन्हें पता ही नहीं होता कि यह डूब क्षेत्र (फ्लड ज़ोन) की ज़मीन है। बाद में सरकार का बुलडोज़र आता है और बना हुआ फ़ार्महाउस ज़मीनदोज़ कर देता है। ऐसे कई फ्रॉड होते हैं।
तो आज बताऊँगा कि UP Bhu Naksha के ज़रिए ज़मीन खरीदने से पहले उसे कैसे वेरिफ़ाई करें, यह डूब क्षेत्र की है या वहाँ खेती हो सकती है या घर बनाने लायक है। साथ ही गाँव में यह मुद्दा भी आम है कि दो पड़ोसियों के बीच बाउंड्री को लेकर विवाद रहता है।
पोर्टल के ज़रिए बहुत सटीक तरीक़े से, आसानी से ज़मीन की सारी जानकारी और नक़्शा निकाला जा सकता है, इसके लिए कहीं जाने की ज़रूरत नहीं, घर बैठे मोबाइल से ही यह सब निकाला जा सकता है।

खतौनी और भू-नक्शा: दोनों क्यों ज़रूरी हैं?
अक्सर लोगों का सवाल होता है, जब हमारे पास खतौनी है तो नक़्शा क्यों देखें? इसका सीधा जवाब है, खतौनी से सिर्फ़ यह पता चलता है कि ज़मीन किसकी है, कितनी है, जबकि भू-नक्शा बताता है कि ज़मीन की लोकेशन कहाँ है और कैसी है। UP Bhu Naksha में अब जियो-टेक्नोलॉजी भी दी गई है, जिससे पता चलता है कि आपकी ज़मीन किस लोकेशन में है।
भूमि का नक़्शा सरकार द्वारा बनाया गया आपकी ज़मीन का लेआउट है। इसे देखना कई मामलों में ज़रूरी हो जाता है:
- अक्सर गाँव में दो परिवारों के बीच मेड़ या बाउंड्री को लेकर विवाद होते रहते हैं, उन्हें सुलझाने के लिए इसकी ज़रूरत पड़ती है
- प्रॉपर्टी खरीदने से पहले उसकी सही लोकेशन वेरिफ़ाई कर लेनी चाहिए
- होम लोन या एग्रीकल्चर लोन लेना हो, तब भी इसकी ज़रूरत पड़ती है
- घर का नक़्शा पास कराने या पीएम आवास योजना (PM Awas Yojana) का लाभ लेने में
अपडेट (2026): सरकार upbhunaksha.gov.in को लगातार तेज़ और बेहतर बना रही है, ताकि आम आदमी इसे आसानी से इस्तेमाल कर सके। लेकिन अभी अपग्रेड का काम चल रहा है, इसलिए कई बार नक़्शा लोड नहीं होता। ऐसे में सुबह-सुबह या देर रात आधिकारिक वेबसाइट खोलना बेहतर रहता है। इसमें न किसी लॉगिन की ज़रूरत है, न रजिस्ट्रेशन की, न किसी आईडी-पासवर्ड की।
ऑनलाइन भू-नक्शा कैसे देखें? (Step-by-Step Practical Guide)
upbhunaksha.gov.in पोर्टल के स्क्रीनशॉट लेने की मैं 2 दिन से कोशिश कर रहा था, वेबसाइट लोड ही नहीं हो रही थी। आज सुबह-सुबह वेबसाइट खुली, तो भू-नक्शा खोलने के सारे तरीक़े और पोर्टल में क्या-क्या है, इसके स्क्रीनशॉट ले पाया। तो चलिए देखते हैं कि अपनी ज़मीन का नक़्शा ऑनलाइन कैसे देखें।
अगर आप मोबाइल यूज़ कर रहे हैं, तो स्टेप 1 को ध्यान से पढ़ें।
Step 1: सही पोर्टल खोलें
अपना ब्राउज़र खोलें और उसमें upbhunaksha.gov.in टाइप करके सर्च करें।
एक ज़रूरी बात, अगर आप डेस्कटॉप या लैपटॉप से नहीं, मोबाइल से देख रहे हैं, तो Chrome ब्राउज़र खोलकर उसकी सेटिंग्स में जाकर “Desktop Site” पर क्लिक कर दें, क्योंकि मोबाइल पर नक़्शा ठीक से नहीं दिखता, काफ़ी चीज़ें छूट जाती हैं और पोर्टल खुलने में भी ज़्यादा टाइम लगता है।

Step 2: अपनी लोकेशन चुनें
जैसा आप स्क्रीनशॉट में देख रहे हैं, वेबसाइट के होम पेज पर सारे विकल्प मिल जाते हैं। सबसे पहले अपने ज़िले का चयन करना है, उसके बाद जो आपकी तहसील है उसे चुनें, और उसके बाद अपना गाँव सेलेक्ट कर लें। गाँव सेलेक्ट करते ही आपकी पूरी ग्राम पंचायत का नक़्शा स्क्रीन पर खुलकर आ जाएगा।
- District: अपना ज़िला चुनें
- Tehsil: अपनी तहसील चुनें
- Village: अपना गाँव सिलेक्ट करें

Step 3: खसरा नंबर (Plot Number) सर्च करें
गाँव सेलेक्ट करने के नीचे, अगर आपको अपना प्लॉट नंबर पता है तो उसे डालकर सीधे सर्च कर सकते हैं। नहीं पता तो अपने खसरे से भी चेक कर सकते हैं, यानी खसरा नंबर (Khasra Number) के ज़रिए भी वही प्लॉट ढूँढा जा सकता है। दोनों में से जो भी डालें, सारा नक़्शा खुलकर सामने आ जाएगा, फिर अपने प्लॉट पर क्लिक करना है। क्लिक करते ही प्लॉट की पूरी जानकारी (Plot Info) खुलकर आ जाएगी।
अगर आपको खसरा नंबर नहीं पता, तो पहले upbhulekh.gov.in पर जाकर अपनी खतौनी चेक कर लें।

Step 4: प्लॉट की डिटेल्स वेरिफाई करें
Plot Info पर क्लिक करने के बाद सामने खातेदार का नाम आ जाएगा, खाता संख्या आ जाएगी, उस खाते में कितने प्लॉट हैं उनकी संख्या भी दिख जाएगी, और भी जानकारी दिखेगी जिन्हें अपनी खतौनी से मैच ज़रूर करें:
- खातेदार का नाम
- खाता संख्या और उसमें कुल प्लॉट
- प्लॉट का क्षेत्रफल (हेक्टेयर में)
- भूमि का प्रकार (कृषि, आबादी, बंजर आदि)
Step 5: मैप रिपोर्ट डाउनलोड करें
डिटेल्स के नीचे आपको “Map Report” का बटन दिखेगा। उस पर क्लिक करें और PDF फाइल अपने फोन या कंप्यूटर में सेव कर लें।
नक्शे में रंगों का खेल (इसे समझे बिना जमीन मत खरीदना)
एक बात पहले साफ़ कर देना ज़रूरी है, यह नक्शा कोई सैटेलाइट फ़ोटो या Google Map जैसी तस्वीर नहीं है। यह एक वेक्टर कैडेस्ट्रल मैप है, यानी हर प्लॉट की सीमा रेखाओं से खींची गई है, असली फ़ोटो नहीं है। इसीलिए इसमें रंगों का मतलब समझना ज़रूरी हो जाता है, क्योंकि यहाँ खेत या पेड़ नहीं, सिर्फ़ boundary और area दिखता है। स्क्रीन के ऊपर दाईं तरफ़ एक geo-coordinate (जैसे 236173.843401, 3106267.534598) भी दिखता है, यानी हर प्लॉट सिर्फ़ नक़्शे पर नहीं, एक सटीक भौगोलिक स्थान से भी जुड़ा है।
जब मैंने अलग-अलग गाँवों के नक्शे देखे, तो एक पैटर्न नज़र आया। पोर्टल पर अलग-अलग रंग के प्लॉट्स दिखते हैं। यह जानना बहुत ज़रूरी है कि कौन सा रंग किस तरह की जमीन को दर्शाता है, इसी पैटर्न के आधार पर नीचे टेबल में भूमि के प्रकार को कैटेगरी के हिसाब से रखा गया है। भूमि के प्रकार की पूरी सूची UP Bhulekh पोर्टल पर भी देखी जा सकती है, वहाँ सरकार ने विस्तार से बताया है कि कौन सी ज़मीन सरकारी है, कौन सी बंजर, यह जानकारी अपनी खतौनी में भी देखी जा सकती है:
| नक्शे पर रंग | जमीन का प्रकार (Land Type) | क्या आप इसे खरीद सकते हैं? |
| पीला (Yellow) | कृषि भूमि (खेती की जमीन) | हाँ, बिल्कुल सुरक्षित है |
| लाल/गुलाबी (Red/Pink) | आबादी क्षेत्र (घर, बस्ती) | कॉम्प्लिकेटेड (नियम चेक करने होंगे) |
| हरा (Green) | सरकारी जमीन, वन या चरागाह | बिल्कुल नहीं |
| नीला (Blue) | नदी, नाला या तालाब | बिल्कुल नहीं |
| सफेद/खाली (White) | रिकॉर्ड अभी अपडेट नहीं हुआ है | पूरी पड़ताल के बाद ही सोचें |
फ्रॉड अलर्ट: कई बार प्रॉपर्टी डीलर आपको हरी या नीली जमीन को प्राइवेट बताकर बेचने की कोशिश करते हैं। नक्शे का रंग देखकर आप इस फ्रॉड से बच सकते हैं।
NGT Flood Zone की जानकारी
आजकल इंस्टाग्राम और सोशल मीडिया पर यह बहुत चलता है, “यहाँ ज़मीन खरीदी 60 लाख में” वाले पोस्ट, जबकि आसपास की ज़मीन का रेट उससे कहीं ज़्यादा होता है। खतौनी में नाम भी मैच कर रहा होता है, रकबा भी मैच कर रहा होता है, लोकेशन भी सही होती है, लेकिन जब भू-नक्शा चेक करें तो पता चलता है कि प्लॉट के ठीक बगल से एक नीली लाइन (नदी) गुज़र रही है। यही वो जगह है जिसे NGT के नियमों के तहत Restricted Zone कहा जाता है, जहाँ सिर्फ़ खेती हो सकती है, कंस्ट्रक्शन नहीं। इसी तरह लोगों को धोखा देकर ज़मीन बेची जाती है, और यह सबसे ज़्यादा बड़े शहरों में चलता है जहाँ ज़मीन के रेट बहुत ऊँचे हैं, जैसे नोएडा और ग़ाज़ियाबाद।
मेरी रिसर्च के दौरान एक बहुत ही क्रिटिकल पॉइंट सामने आया जो ज़्यादातर बायर्स मिस कर देते हैं।
NGT (National Green Tribunal) के सख्त नियम हैं। नदी के किनारे एक “Restricted Zone” होता है जहाँ आप कंस्ट्रक्शन नहीं कर सकते:
- बड़ी नदियां (गंगा, यमुना): 200 मीटर कोर ज़ोन + 500 मीटर बफर ज़ोन
- छोटी नदियां/नाले: 100 मीटर की दूरी
- तालाब: 50 मीटर की दूरी
खरीदने से पहले पोर्टल पर नीली लाइन से अपने प्लॉट की दूरी ज़रूर नाप लें। अगर प्लॉट 500 मीटर के दायरे में है, तो उसमें इन्वेस्टमेंट रिस्की हो सकता है।
आम गलतियाँ जो आपको नहीं करनी हैं
पोर्टल को इस्तेमाल करते वक्त लोग अक्सर ये गलतियां करते हैं:
-
फेक वेबसाइट्स पर जाना: गूगल सर्च में कई फर्जी साइट्स “upbhunaksha login” का ऑप्शन देती हैं। ओरिजिनल साइट (upbhunaksha.gov.in) पर कोई लॉगिन नहीं होता।
-
सर्टिफाइड और ऑनलाइन मैप में कन्फ्यूजन: यह ऑनलाइन डाउनलोड की गई PDF सिर्फ आपकी जानकारी के लिए है। अगर आप इसे कोर्ट में या बैंक लोन के लिए लगा रहे हैं, तो आपको तहसील जाकर लेखपाल से Certified Shajra Map ही लेना होगा।
-
गलत गाँव चुनना: यूपी में एक ही नाम के कई गाँव होते हैं। हमेशा पहले अपना जिला और तहसील सही से सिलेक्ट करें।
यह भी पढ़ें:


